JSW Energy ने तीसरी तिमाही में महाराष्ट्र के पुणे में 5 गीगावॉट-ऑवर (GWh) सालाना क्षमता वाले बैटरी असेंबली प्लांट को चालू करने की योजना बना रही है। कंपनी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO शरद महेन्द्रा ने एक इन्वेस्टर कॉल में बताया कि इस नई सुविधा का उद्देश्य बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम्स (BESS) पर ध्यान केंद्रित करना है और घरेलू सामग्री आवश्यकताओं को पूरा करना है। इसके शुरू होने से कंपनी बैटरी स्टोरेज के क्षेत्र में खुद को और आगे मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
ग्रीन हाइड्रोजन का नया प्रोजेक्ट
कंपनी विजयनगर में 3,800 टन प्रतिवर्ष (TPA) क्षमता वाले ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट के ट्रायल रन पूरे कर रही है और इसके शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। JSW एनर्जी का उद्देश्य भारत में ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में अग्रणी बनना है, और स्टोरेज एवं हाइड्रोजन जैसे नए क्षेत्रों में निवेश इसी रणनीति का हिस्सा है।
JSW Energy Q2 Results
जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में JSW एनर्जी की कुल आय 59% बढ़कर 5,361 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 3,459 करोड़ रुपये थी। हालांकि, सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 17% घटकर 705 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 853 करोड़ रुपये था। EBITDA में सालाना 67% की वृद्धि हुई, जो नए रिन्यूएबल प्रोजेक्ट्स के कारण संभव हुआ। H1FY26 में EBITDA 79% बढ़कर 6,237 करोड़ रुपये हो गया।
JSW एनर्जी का भविष्य टारगेट
JSW एनर्जी की कुल लॉक-इन बैटरी स्टोरेज क्षमता 29.4 GWh है, जिसमें से 25.2 GWh के लिए स्टोरेज एग्रीमेंट साइन किया जा चुका है। कंपनी का 2030 तक 30 GW पावर जनरेशन और 40 GWh स्टोरेज क्षमता तक पहुंचने का लक्ष्य है। वर्ष के अंत तक कंपनी 15 GW से ज्यादा कैपेसिटी पर काम करने का इरादा रखती है।
JSW एनर्जी शेयर प्रदर्शन और फाइनेंशिअल्स
JSW एनर्जी का शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 को शेयर 531.15 रुपये पर बंद हुआ। 52 हफ्ते में शेयर का उच्चतम स्तर 776.35 रुपये और न्यूनतम 419.10 रुपये रहा है। पिछला एक साल शेयर के लिए कमजोर रहा, जिसमें इसमें लगभग 20.8% की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, तीन साल में 67.8% और पांच साल में 733.2% तक का शानदार रिटर्न भी कंपनी ने दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 92,709 करोड़ रुपये है और P/E रेशियो 47.52 है, जो पावर सेक्टर में उच्च स्तर पर गिना जाता है।
कंपनी की रणनीति क्या है?
इन नई परियोजनाओं के साथ JSW Energy न केवल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में आगे आना चाहती है, बल्कि ग्रीन टेक्नोलॉजी में भी अग्रणी भूमिका निभाने की कोशिश में है। पुणे का नया बैटरी प्लांट, विजयनगर का ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट, और बड़े पैमाने पर ऊर्जा स्टोरेज टारगेट इस रणनीति का अहम हिस्सा हैं।
(यह लेख केवल जानकारी देने के उद्देश्य से लिखा गया है इसमें दिए गए आंकड़े या तथ्यों का मकसद किसी निवेश की सलाह देना नहीं है निवेश से पहले हमेशा अपनी जांच करें या वित्तीय सलाहकार से सलाह लें)