27 अक्टूबर 2025 को मॉस्को में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और रूस की पब्लिक ज्वाइंट स्टॉक कंपनी यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (PJSC-UAC) ने SJ-100 नागरिक विमान के उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत HAL को भारत में घरेलू ग्राहकों के लिए SJ-100 विमान के निर्माण का विशेष अधिकार मिलेगा। यह पहला मौका है जब भारत में पूरी तरह से एक यात्री विमान बनाया जाएगा, इससे पहले AVRO HS748 विमान 1961-1988 के बीच HAL द्वारा निर्मित किया गया था।
SJ-100 विमान की खासियत
SJ-100 एक ट्विन-इंजन, नैरो-बॉडी कम्यूटर एयरक्राफ्ट है, जिसका उपयोग शॉर्ट-हॉल और क्षेत्रीय यात्रा के लिए होता है। अभी तक दुनियाभर की 16 से अधिक कमर्शियल एयरलाइंस द्वारा 200 से अधिक SJ-100 विमान संचालित किए जा रहे हैं। यह विमान भारत की उड़ान (UDAN) योजना के तहत क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने में मदद करेगा। SJ-100 की लोकल मैन्युफैक्चरिंग के जरिए नौकरी के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष अवसर बढ़ेंगे और प्राइवेट इंडस्ट्री की भागीदारी भी मजबूत होगी।
HAL और UAC का समझौता
HAL और UAC का यह समझौता भारत की बढ़ती वाणिज्यिक विमानन क्षमता के लिए बहुत अहम माना जा रहा है। अगले 10 वर्षों में भारत को 200 से ज्यादा कम्यूटर जेट्स की जरूरत है, जो क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाएंगे। अलावा इसके, भारतीय महासागर क्षेत्र सहित पर्यटन स्थलों के लिए 350 अतिरिक्त विमान की मांग अनुमानित है, जिससे SJ-100 प्रोजेक्ट भारत की घरेलू और निर्यात क्षमता को भी आगे बढ़ाएगा।
HAL का मानना है कि यह समझौता भारत और रूस के कई सालों की साझेदारी और विश्वास का प्रमाण है। यह कदम देश की तकनीकी प्रगति, औद्योगिक आत्मनिर्भरता और वैश्विक एविएशन साझेदारी की दिशा में मील का पत्थर है। SJ-100 मैन्युफैक्चरिंग से ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को भी बढ़ावा मिलेगा, साथ ही भारतीय एविएशन इंडस्ट्री पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाएगी।
HAL शेयर प्रदर्शन
28 अक्टूबर 2025 को HAL के शेयर 0.61% गिरकर ₹4,727.90 पर बंद हुए। एक सप्ताह में स्टॉक 2.68% तक गिरा है, हालांकि पिछले छह महीनों में इसमें 6.5% की बढ़त और साल भर में करीब 13% की तेजी दर्ज हुई है। बीते दो साल में HAL के शेयरों ने 154.22%, तीन साल में 273.74% और पांच साल में 1245% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप ₹3,15,194 करोड़ है, जबकि 52-वीक हाई ₹5,165 और लो ₹3,046.05 रहा है।
(यह लेख कोई निवेश सलाह नहीं है इसलिए निवेश करने से पहले वित्तीय सलाहकार से सलाह करें)