Railway PSU Stock : बाजार बंद होने के बाद रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (Railtel Corporation of India) ने अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (BEPC) ने कंपनी को दिए गए लगभग 210 करोड़ रुपये का एक अहम वर्क ऑर्डर रद्द कर दिया है. यह वर्क ऑर्डर RailTel को 13 सितंबर 2025 को मिला था और इसका उद्देश्य पीएम श्री योजना के तहत बिहार के स्कूलों में शिक्षा की क्वालिटी बढ़ाना था. ऑर्डर को रद्द करने की वजह “कुछ ज़रूरी कारण” बताई गई, लेकिन कंपनी ने रद्दीकरण की शर्तों या अन्य वजहों का खुलासा नहीं किया.
RailTel प्रोजेक्ट की डीटेल
यह परियोजना बीईपीसी के राज्य परियोजना निदेशक द्वारा दी गई थी और इसका अनुमानित मूल्य ₹209.78 करोड़ था. इसका मकसद स्मार्ट कक्षाओं, आईसीटी लैब्स, और डिजिटल शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार करना था, जिससे सरकारी स्कूलों को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा सके और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके. इस योजना के अंतर्गत स्कूलों को लैब, लाइब्रेरी, आर्ट रूम, स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं दी जानी थी. प्रोजेक्ट की डेडलाइन सितंबर 2026 थी.
RailTel ऑर्डरबुक और वित्तीय स्थिति
रेलटेल की कुल ऑर्डरबुक जून 2025 की तिमाही में ₹7018 करोड़ थी जिसमें भारतीय रेलवे का हिस्सा 28.56%, राज्य सरकारें 29.59%, केंद्र सरकार के विभाग 12.36%, और अन्य सीपीएसई, टेलीकॉम, बैंकिंग आदि शामिल थे. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद से मिले ऑर्डर्स RailTel के लिए अहम थे, क्योंकि राज्य सरकार की हिस्सेदारी ऑर्डरबुक का बड़ा हिस्सा थी.
RailTel Share का प्रदर्शन
शेयर बाज़ार में ऑर्डर रद्द होने के बाद RailTel का शेयर हल्की तेजी के साथ सपाट बंद हुआ. शुक्रवार को बीएसई पर शेयर 370.45 रुपये जबकि एनएसई पर 370.70 रुपये पर बंद हुआ. 2025 में RailTel के शेयर ने लगभग 8% गिरावट दर्ज की है, हालांकि पिछले 6 महीनों में करीब 23% रिटर्न मिला था. एक साल में यह रेलवे स्टॉक करीब 10% कमजोर हो गया है. शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 478.95 रुपये और निम्न स्तर 265.50 रुपये रहा.
पीएम श्री योजना की भूमिका
PM SRI YOJANA के तहत पूरे भारत में 14,500 स्कूलों को मॉडर्न मॉडल स्कूल के रूप में तैयार किया जाएगा. योजना का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, और डिजिटल टूल्स से शिक्षा को एक्सपीरियंसियल और कंपटीशन बेस्ड बनाना है. ग्रीन इनिशिएटिव्स, जैसे सोलर पैनल, वेस्ट मैनेजमेंट, और रेनवाटर हार्वेस्टिंग शिक्षा संस्थानों में लागू होंगे.
Railtel Corporation of India Limited की ऑर्डरबुक बड़ी होने के बावजूद इतने बड़े ऑर्डर के रद्द होने का असर कंपनी की प्रोजेक्ट सेगमेंट और भविष्य के राजस्व अनुमानों पर पड़ सकता है. निवेशकों को आने वाले समय में कंपनी की नई ऑर्डर एन्ट्री और बिजनेस डिवेलपमेंट पर नजर रखनी होगी.